वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
आवास बदलने की खबरों के बीच अलीपुर इलाके में हलचल बढ़ गई है
कोलकाता। बंगाल की सत्ता में हुए ऐतिहासिक बदलाव के बाद अब राज्य के प्रशासनिक और आवासीय गलियारों में भी बड़े परिवर्तन की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद शुभेंदु अधिकारी का नया आधिकारिक निवास अब कोलकाता का प्रतिष्ठित सौजन्य भवन होगा।
अलीपुर स्थित इस आलीशान सरकारी बंगले को नए मुख्यमंत्री के आवास के रूप में अंतिम रूप दिया जा रहा है। अब तक कोलकाता प्रवास के दौरान चिनार पार्क स्थित अपने निजी फ्लैट में ठहरने वाले शुभेंदु अधिकारी जल्द ही इस नए वीवीआईपी पते पर स्थानांतरित हो जाएंगे। कोलकाता के पॉश इलाके अलीपुर में स्थित सौजन्य भवन राज्य सरकार की सबसे महत्वपूर्ण संपत्तियों में से एक है। इसे पूर्ववर्ती सरकार द्वारा विशेष रूप से मुख्यमंत्री के निवास और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अतिथियों की मेजबानी के लिए सर्वसुविधा संपन्न बनाया गया था। शनिवार, 25 बैशाख यानी रवींद्र जयंती के दिन नई सरकार के शपथ ग्रहण के साथ ही इस भवन की सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री सचिवालय और सुरक्षा एजेंसियों ने यहाँ प्रशासनिक कामकाज और बैठकों के लिए जरूरी इंतजाम करने शुरू कर दिए हैं। मुख्यमंत्री बनने से पहले शुभेंदु अधिकारी की पहचान एक जननेता के रूप में रही है, जो सादगी के साथ चिनार पार्क के एक सामान्य फ्लैट में रुकना पसंद करते थे। हालांकि, राज्य के सर्वोच्च पद की शपथ लेने के बाद जेड प्लस सुरक्षा प्रोटोकॉल और आधिकारिक बैठकों के सुचारू संचालन के लिए एक बड़े और सुरक्षित सरकारी परिसर की आवश्यकता महसूस की गई। सौजन्य भवन न केवल सुरक्षा के लिहाज से अभेद्य है, बल्कि यहाँ से राज्य सचिवालय नबान्न और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों तक पहुँचना भी बेहद सुगम है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शुभेंदु अधिकारी का सौजन्य में जाना केवल एक आवास परिवर्तन नहीं, बल्कि बंगाल की बदली हुई राजनीतिक दिशा का प्रतीक है। जिस भवन का निर्माण राज्य के शीर्ष नेतृत्व के लिए किया गया था, अब वहां से नई सरकार की नीतियां और भविष्य के फैसले तय होंगे। शपथ ग्रहण के बाद से ही शुभेंदु अधिकारी एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं और नए आवास में शिफ्ट होने की प्रक्रिया को इसी प्रशासनिक तत्परता का हिस्सा माना जा रहा है। आवास बदलने की खबरों के बीच अलीपुर इलाके में हलचल बढ़ गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सौजन्य भवन के आसपास विशेष निगरानी चौकियां स्थापित की जा रही हैं और मुख्यमंत्री के काफिले के आवागमन के लिए रूट मैप तैयार किया जा रहा है। उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों के भीतर मुख्यमंत्री आधिकारिक तौर पर अपने नए निवास से कामकाज पूरी तरह संभाल लेंगे।